लखनऊ , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है, इमरजेंसी सेवाएं सशक्त की जा रही हैं और मोतियाबिंद सहित अन्य बीमारियों के इलाज के लिए अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका सीधा लाभ प्रदेश के लाखों मरीजों को मिलेगा और उन्हें बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सकेगा।

श्री पाठक ने बताया कि कुशीनगर के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में आईसीयू सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 50 आईसीयू बेड खरीदे जाएंगे, जिसके लिए 67.29 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही पठन-पाठन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 720 लेक्चरर टेबल एवं फर्नीचर हेतु 98.92 लाख रुपये तथा फोल्डर बेड के लिए 34.50 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि अयोध्या के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर के लिए 50 लाख रुपये के आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। वहीं मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 55.10 लाख रुपये की लागत से दो पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा बाराबंकी जिला चिकित्सालय में 8.68 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अमेठी के गौरीगंज जिला चिकित्सालय में आधुनिक फेको मशीन से महीन सुराख द्वारा मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके लिए हड्डी रोग विभाग के उपकरणों सहित 31.15 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं चित्रकूट जिला संयुक्त चिकित्सालय में भी मोतियाबिंद मरीजों के लिए 19.90 लाख रुपये की लागत से फेको मशीन खरीदी जाएगी।

इसी तरह वाराणसी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय और एसएसपीजी चिकित्सालय में एक्स-रे, लैप्रोस्कोप सहित कई अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे, जिससे बिना बड़े चीरे के सर्जरी संभव हो सकेगी। इसके लिए क्रमशः 54.88 लाख रुपये और 87.34 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त संभल जिला संयुक्त चिकित्सालय को 45.28 लाख, जौनपुर जिला चिकित्सालय को 16.54 लाख तथा सीतापुर जिला महिला चिकित्सालय को 16.97 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित