नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- भारत के मेट्रो मैन नाम से प्रसिद्ध और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. ई. श्रीधरन ने शुक्रवार को यहां रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और केरल में रेल नेटवर्क की मजबूती तथा विस्तार के बारे में चर्चा की।
श्री वैष्णव ने डॉ. श्रीधरन के साथ अपनी मुलाकात की फोटो के साथ सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, '... रेल संपर्क को मज़बूत करने पर चर्चा हुई। कर्नाटक और केरल के बीच नीलंबापुर-नंजनगुड नई लाइन प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. श्रीधरन ने केरल में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए।"गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो का कार्य सिविल इंजीनियर डॉ ई श्रीधरन और उनकी टीम ने शुरू किया था। दिल्ली मेट्रो से पहले उन्होंने कोंकण रेलवे जैसी रेलवे इंजीनियरिंग की मिशाल मानी जाने वाली कई प्रमुख परियोजनाओं को सफलता पूर्वक क्रियान्वित करने में नेतृत्वकारी भूमिका निभाई थी।
उल्लेखनीय है कि केरल सरकार चिर प्रतीक्षित नीलांबुर-नंजनगुड़ रेल लाइन को जल्द से जल्द कार्यान्वित किये जाने के पक्ष में है। रिपोर्टों के अनुसार कर्नाटक की इसे लेकर कुछ अलग राय है।
रेल मंत्रालय ने 2023 में इसके मार्ग को तय करने और परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिये 5.9 करोड़ रुपये आवंटित किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित