नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- बंगलादेश के ढाका में सैफ सचिवालय में हुए ड्रॉ के बाद, भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम को सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के ग्रुप बी में बंगलादेश और मालदीव के साथ रखा गया है। यह टूर्नामेंट 25 मई से 6 जून, 2026 तक गोवा के मडगांव में आयोजित किया जाएगा।

ग्रुप ए में नेपाल, श्रीलंका और भूटान शामिल हैं। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमी-फ़ाइनल में जगह बनाएंगी। सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के सभी मैचों का आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा।

यह दूसरी बार होगा जब भारत सैफ महिला चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा; इससे पहले 2016 में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में आयोजित संस्करण में 'ब्लू टाइग्रेस' ने अपना चौथा खिताब जीता था। यह दूसरी बार होगा जब गोवा किसी सैफ टूर्नामेंट की मेज़बानी करेगा। 1999 की पुरुष चैंपियनशिप भी पीजेएन स्टेडियम में ही आयोजित की गई थी, जहाँ भारत ने फ़ाइनल में बंगलादेश को हराकर खिताब जीता था।

सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के ड्रॉ के लिए सीडिंग 21 अप्रैल को जारी की गई ताज़ा फीफा महिला विश्व रैंकिंग के अनुसार की गई थी। भारत (69वें स्थान पर) और नेपाल (87वें स्थान पर) को पॉट 1 में रखा गया। बंगलादेश (112वें स्थान पर) और श्रीलंका (162वें स्थान पर) को पॉट 2 में रखा गया। भूटान (164वें स्थान पर) और मालदीव (167वें स्थान पर) को पॉट 3 में रखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित