शिलांग , मई 07 -- मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने गुरुवार को राज्य आरक्षण नीति पर आयोजित सर्वदलीय बैठक में विपक्षी पार्टी 'वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी' (वीपीपी) के शामिल न होने की कड़ी आलोचना की।

मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक के दौरान राजनीतिक दलों को आरक्षण नीति से जुड़े मुख्य निष्कर्षों, सिफारिशों और कानूनी तथा संवैधानिक मुद्दों के बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि यह रिपोर्ट इस साल के आरंभ में बजट सत्र के दौरान राज्य विधानसभा में पेश की गई थी।

श्री संगमा ने वीपीपी पर तंज कसते हुए कहा, "अगर राजनीतिक दल इस मुद्दे की परवाह करते हैं, तो उन्हें इसे अपने कार्यों से दिखाना चाहिए। वीपीपी ने जनता को यह दिखाने की कोशिश की कि वे चिंतित हैं और इस उद्देश्य के लिए लड़ेंगे लेकिन वे बैठक में आए ही नहीं।" उन्होंने आश्वासन दिया है कि सरकार कोई भी अंतिम निर्णय लेने से पहले राजनीतिक हितधारकों से परामर्श करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित