शिलांग , जनवरी 27 -- मेघालय के कैबिनेट मंत्री सैनबोर शुल्लाई ने शिलांग छावनी क्षेत्र में जमीन के किराए में भारी बढ़ोतरी पर गंभीर चिंता जताते हुए समानता के अधिकार के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
श्री शुल्लाई ने कहा कि छावनी और नगरपालिका क्षेत्र के लिए दो अलग-अलग किराया वसूली की प्रणाली नहीं चल सकती। वह हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ नयी दिल्ली गए थे और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा संपदा महानिदेशक शोभा गुप्ता से मिले। उन्होंने मंत्रालय से अंतरिम नीति में संशोधन करने और मौजूदा पट्टेदारों के लिए गणना किए गए अल्पकालिक किराया का 25 प्रतिशत लागू करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि किराए में भारी बढ़ोतरी के कारण यह मामला शीर्ष अदालत और देशभर के विभिन्न उच्च न्यायालयों में लंबित है। उन्होंने मंत्री और रक्षा संपदा महानिदेशक को सुझाव दिया कि सरकार को एक व्यापक नीति बनानी चाहिए ताकि किराया आस-पास के नगरपालिका क्षेत्र के बराबर हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित