शिलांग , फरवरी 10 -- मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में 5 फरवरी को हुई अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट की घटना में दो और खदान मालिकों को गिरफ्तार किया गया है। इस हादसे में 30 लोगों की मौत हो चुकी है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार ने बताया कि सुतंगा गांव निवासी प्रोसेस डखार उर्फ प्रकाश उस खदान का वास्तविक मालिक है, जहां विस्फोट हुआ था। वहीं, उमलावांग गांव निवासी टेंसिंग सुचियांग को भी गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध खनन और कोयला परिवहन संचालन का प्रबंधक बताया जा रहा है।

इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य खदान मालिकों और प्रबंधकों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, खनन एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

इस बीच, मेघालय उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने सोमवार को राज्य सरकार को निर्देश दिया कि अवैध कोयला खनन और माइनसंगट-थांग्स्को विस्फोट से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित