हनुमानगढ़ , अप्रैल 03 -- राजस्थान में लायंस क्लब इंटरनेशनल के रीजन 20-21 की समन्वय हरविंदर कौर ने 'स्वस्थ नारी, स्वस्थ समाज' का संदेश देते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के महत्व पर जोर दिया है। सुश्री कौर गुरुवार को लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी द्वारा राजकीय विद्यालय, सिकलीगर मोहल्ला, हनुमानगढ़ टाउन में भामाशाह राजेश दादरी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी नैपकिन के उपयोग को संक्रमण से बचाव के लिए बेहद जरूरी बताया। साथ ही प्रोटीन और आयरन युक्त भोजन के साथ योग-व्यायाम द्वारा स्वस्थ रहने की प्रेरणा भी दी।

इस अवसर पर शिविर में 300 महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किये गये। कार्यक्रम संयोजक किरण वाजपेयी के निर्देशन में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति चल रहे जागरूकता अभियान के तहत यह विशेष शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में मौजूद सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग प्रेमराम और जिला बाल कल्याण न्यायपीठ केबेंच मजिस्ट्रेट जितेंद्र गोयल ने इस प्रकार के आयोजनों को समाज में महिलाओं को जागरूक बनाने और उनके सशक्तिकरण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित