नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- भारत ने मेक्सिको में रह रहे अपने नागरिकों को सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और "कानूनी गतिविधियों के आसपास के क्षेत्रों" से दूर रहने की सलाह जारी की है। यह परामर्श मेक्सिको पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक कुख्यात ड्रग माफिया के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा के मद्देनज़र दिया गया है।

मारे गए ड्रग माफिया की पहचान नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वांटेस उर्फ 'एल मेंचो' के रूप में हुई है, जो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल का सरगना था। वह सैनिकों के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ था। मेक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। इसके बाद कई इलाकों में हिंसक घटनाएं सामने आईं।

भारतीय दूतावास द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि भारतीय नागरिक ऐसी जगहों से दूर रहें जहां विधिक एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। अपने आसपास के माहौल के प्रति सजग रहें, सुरक्षित स्थान पर शरण लें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित