, Feb. 2 -- मेक्सिको सिटी, 2 फरवरी (वार्ता/स्पुतनिक) मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शीनबाम ने घोषणा की है कि उनका देश जल्द ही क्यूबा को मानवीय सहायता भेजेगा और साथ ही द्वीपीय देश को मानवीय आधार पर तेल आपूर्ति फिर से शुरू करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखेगा।

श्रीमती शीनबाम ने सोनोरा राज्य के गुएमास में संबोधन के दौरान कहा, "इस सप्ताह हम नौसेना मंत्रालय की सहायता से क्यूबा को खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुएं और अन्य बुनियादी जरूरतों से जुड़ी मानवीय सहायता भेजने की योजना बना रहे हैं। साथ ही, मानवीय आधार पर तेल आपूर्ति के मुद्दे को कूटनीतिक माध्यमों से सुलझाने के प्रयास भी जारी रहेंगे।"उन्होंने बताया कि क्यूबा को तेल आपूर्ति पर प्रतिबंध की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत के बाद सामने आई थी, हालांकि इस विषय पर उनके साथ कोई चर्चा नहीं हुई थी। श्रीमती शीनबाम ने कहा कि उनकी सरकार अब सभी कूटनीतिक रास्तों से समाधान तलाश रही है, क्योंकि यह मामला "मौलिक रूप से महत्वपूर्ण मानवीय सहायता" से जुड़ा हुआ है।

गौरतलब है कि गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत क्यूबा को तेल बेचने या आपूर्ति करने वाले देशों से आयातित वस्तुओं पर शुल्क लगाने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने हवाना से कथित रूप से उत्पन्न राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे का हवाला देते हुए आपात स्थिति की भी घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित