फिरोजाबाद , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और शिकोहाबाद में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। महज एक घंटे की तेज बारिश के बाद शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और कॉलोनियों में जलभराव हो गया, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के चलते फिरोजाबाद शहर के मुख्य बाजारों और सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर स्कूली बच्चे भी पानी में फंस गए और उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ा।
स्थिति यह रही कि स्मार्ट सिटी के दावों के बीच नगर निगम परिसर और जिला अस्पताल तक में पानी भर गया, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को खासी दिक्कत हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी योजना के तहत सड़कों, नालों और नालियों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। हर बारिश में जलभराव और जाम की समस्या आम बात हो गई है।
इसी तरह शिकोहाबाद में भी हालात बदतर रहे। यहां तहसील क्षेत्र, स्टेशन रोड, बाजार मार्ग और कई कॉलोनियों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नालों-नालियों और सड़कों पर खर्च के बावजूद जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी है।
मूसलाधार बारिश के बाद उत्पन्न हालातों ने एक बार फिर नगर निकायों की कार्यप्रणाली और तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित