बैतूल , अप्रैल 8 -- जिले के मुलताई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर ट्रैक पर गिरने से एक यात्री की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर सिकंदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस के ठहराव के दौरान यह हादसा हुआ। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के दर्यापुर निवासी सलीम खान (42) पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे।
इसी दौरान ट्रेन चलने लगी और सलीम ने जल्दबाजी में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उनका पैर फिसल गया और वे ट्रैक पर गिर पड़े। ट्रेन की चपेट में आने से उनका एक पैर गंभीर रूप से कट गया।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित