बैतूल , दिसंबर 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की कृषि उपज मंडी समिति मुलताई द्वारा मंडी शुल्क चोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को गुजरात के राजकोट जा रहा गुड़ से भरा एक 14 चक्का ट्रक बिना मंडी शुल्क चुकाए परिवहन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर मंडी परिसर में खड़ा कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जब्त किया गया वाहन क्रमांक जीजे 03 बीवाई 8038 है, जो खरपड़ाखेड़ी से गुड़ भरकर मुलताई मार्ग होते हुए गुजरात जा रहा था। मंडी सचिव शीला खातरकर के निर्देश पर मंडी उप निरीक्षक चंपा तुमडाम एवं मंडी कर्मचारी सुमित काकड़े द्वारा परमंडल अंडर ब्रिज के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुड़ से लदे ट्रक को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान ट्रक चालक से मंडी शुल्क से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि गुड़ का परिवहन बिना मंडी शुल्क चुकाए किया जा रहा था। इस पर मंडी अमले ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर मंडी कार्यालय लाया।

मंडी समिति द्वारा प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। नियमों के तहत संबंधित व्यापारी से पांच गुना मंडी शुल्क की वसूली की जाएगी। मंडी सचिव शीला खातरकर ने स्पष्ट किया कि मंडी शुल्क की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं से अपील की कि कृषि उपज का परिवहन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित मंडी शुल्क का समय पर भुगतान करें। नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित