बैतूल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 दोपहिया वाहनों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब छह लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई के मार्गदर्शन में थाना मुलताई पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लेंडागोंदी निवासी एक व्यक्ति अपने खेत स्थित बाड़े में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज पंवार (31) निवासी लेंडागोंदी बताया। उसके कब्जे से नौ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी सहित कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। आरोपी इन वाहनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद वाहनों में विभिन्न कंपनियों की बाइक और एक स्कूटी शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग स्थानों से चोरी किया जाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित