बैतूल , दिसंबर 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में बच्चों के इलाज के नाम पर नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से अस्पताल संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के निवास के पास 'कलर्स हॉस्पिटल' के नाम से संचालित एक क्लिनिक/अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस अस्पताल के संचालन के लिए मध्यप्रदेश शासन से आवश्यक पंजीयन और अनुमति नहीं ली गई है। यहां पैथोलॉजी, खून जांच सहित अन्य परीक्षण भी बिना वैधानिक स्वीकृति के कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद रोजाना बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है और परिजनों से भारी शुल्क वसूले जाने के आरोप हैं।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि महाराष्ट्र से प्रतिदिन अलग-अलग डॉक्टर मुलताई आकर इस अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल परिसर में किसी भी डॉक्टर की डिग्री, मेडिकल काउंसिल पंजीयन या पहचान संबंधी जानकारी प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे इलाज करने वाले डॉक्टरों की योग्यता और मध्यप्रदेश में प्रैक्टिस की वैधता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्वास्थ्य नियमों के अनुसार बिना राज्य में पंजीकरण और अनुमति के बाहरी राज्य के डॉक्टर मध्यप्रदेश में चिकित्सा सेवाएं नहीं दे सकते। इसके अलावा मरीजों के परिजनों को अस्पताल से जुड़े एक ही मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
इस मामले में सीएमएचओ मनोज हुरमाड़े ने कहा कि यदि बिना अनुमति अस्पताल या क्लिनिक संचालित पाया गया और बाहरी राज्य के डॉक्टर इलाज करते मिले, तो यह नियमों के खिलाफ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश देते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित