लुआंडा/ नयी दिल्ली , नवंबर 10 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को लुआंडा में अंगोला की संसद को संबोधित किया और अफ्रीकी देशों में शांति और प्रगति के लिए भारत के सहयोग की प्रतिबद्धता दोहरायी।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत और अंगोला- दोनों देशों का उपनिवेशवाद विरोधी संघर्ष का इतिहास रहा है और दोनों लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधरता के साथ जुड़े हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, और अंगोला अफ्रीका के सबसे जीवंत लोकतंत्रों में से एक है।

उन्होंने अफ्रीका महाद्वीप में शांति और विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। राष्ट्रपति ने अंगोला के सांसदों से भारत-अंगोला भागीदारी की पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए भागीदार के रूप में हाथ मिलाने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि जब दुनिया संघर्षों और अनिश्चितताओं के दौर से गुज़र रही है, जिसका दक्षिण के विकासशील देशों पर खासतौर पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा , "हमें आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए दोनों पक्षों के बीच संसदीय आदान-प्रदान को और बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।"अंगोला की संसद में महिलाओं के महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व की सराहना करते हुए श्रीमती मुर्मु ने कहा कि 39 प्रतिशत से ज़्यादा सदस्य महिलाएं होने के कारण, अंगोला की संसद समावेशी शासन का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने विधायी निकायों में महिलाओं की भागीदारी को बेहतर बनाने के लिए भारत में हाल ही में बनाए गए कानून के बारे में भी बात की।

दोनों देशों के पारस्परिक संबंधों के महत्व पर बल देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ' व्यापार और आर्थिक सहयोग हमारी साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग से आर्थिक संबंध और मज़बूत हो रहे हैं। " उन्होंने डिजिटल टेक्नोलॉजी, रक्षा, कृषि और फूड प्रोसेसिंग जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों पर भी बल दिया।

श्रीमती मुर्मु ने बुनियादी ढांचे और शासन-प्रशासन को मज़बूत करने और कृषि, ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने में अंगोला की प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंगोला अफ्रीका की विकास गाथा में मुख्य भागीदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष के रूप में अंगोला की अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व भूमिका की भी प्रशंसा की।

असेंबली में उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए, अंगोला की नेशनल असेंबली की अध्यक्ष कैरोलिना सेरकेरा ने कहा कि अंगोला की आज़ादी की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु की अंगोला की यह ऐतिहासिक यात्रा द्विपक्षीय संबंधों में एक नया मील का पत्थर है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की बदलाव लाने वाली विकास यात्रा अंगोला के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अफ्रीका के प्रति भारत के लंबे समय से चले आ रहे समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए गहरी सराहना व्यक्त की।

इससे पहले दिन में, राष्ट्रपति ने लुआंडा में डॉ. एंटोनियो एगोस्टिन्हो नेटो के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. नेटो, अंगोला के पहले राष्ट्रपति थे, जो अंगोला की एकता, प्रतिरोध और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने अंगोला के स्वतंत्रता संग्राम में प्रमुख भूमिका निभाई थी।

राष्ट्रपति ने फोर्टालेजा डे साओ मिगुएल का भी दौरा किया, जो 16वीं सदी का औपनिवेशिक काल का किला है और अब लुआंडा में सशस्त्र बलों का संग्रहालय है। यह संग्रहालय अंगोला के लंबे और जटिल सैन्य इतिहास की कहानी बताता है, जिसमें उसका औपनिवेशिक काल और आज़ादी की लड़ाई शामिल है।

श्रीमती मुर्मु का आज ही लुआंडा में भारतीय समुदाय को संबोधित करने वाली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित