नयी दिल्ली , दिसम्बर 10 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को दो दिन की यात्रा पर मणिपुर जाएंगी।

राष्ट्रपति सचिवालय ने बुधवार को बताया कि इंफाल पहुंचने पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वह ऐतिहासिक मापल कांग्जेबुंग जाएंगी, जहां वह पोलो प्रदर्शनी मैच देखेंगी। शाम को राष्ट्रपति मणिपुर सरकार द्वारा उनके सम्मान में सिटी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नागरिक सत्कार समारोह में शामिल होंगी। वह इस अवसर पर विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगी।

राष्ट्रपति शुक्रवार को इंफाल स्थित नुपी लाल स्माकर परिसर जाएंगी और मणिपुर की वीर महिला योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। बाद में सेनापति जिले में वह एक सार्वजनिक समारोह को संबोधित करेंगी। वह जिले के लिए विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित