नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- राष्ट्रपति और तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु , प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 78 वें सेना दिवस पर सेना के जवानों , अधिकारियों और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मु ने गुरुवार को अपने संदेश में कहा, " सेना दिवस पर हमारे बहादुर सैनिकों, सेवानिवृत सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई। भारतीय सेना हमारे देश की एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करने में दृढ़ है। हमारे सैनिक हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं और आपदाओं और मानवीय संकटों के दौरान ज़रूरी मदद देते हैं। आपकी अटूट " राष्ट्र प्रथम" भावना हर भारतीय को प्रेरित करती रहती है।"श्री मोदी ने अपने संदेश में कहा," सेना दिवस पर हम भारतीय सेना के साहस और दृढ़ प्रतिबद्धता को सलाम करते हैं। हमारे सैनिक निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं, जो सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प के साथ देश की रक्षा करते हैं।"प्रधानमंत्री ने कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "हम उन लोगों को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं जिन्होंने ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाई है।" उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की कर्तव्यनिष्ठा पूरे देश में विश्वास और कृतज्ञता की भावना पैदा करती है।
रक्षा मंत्री ने सेना दिवस के गौरवशाली अवसर पर भारतीय सेना के बहादुर जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि देश भारतीय सेना के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए अटूट प्रतिबद्धता को सलाम करता है।
श्री सिंह ने कहा कि भारतीय सेना, जो सीमाओं पर हमेशा सतर्क रहती है और संकट के समय में अडिग रहती है, ने अपने पेशेवर अंदाज, अनुशासन और मानवीय सेवा के जरिए दुनिया भर में सम्मान कमाया है। उन्होंने एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार सेना बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि एक आभारी देश अपने सैनिकों के लिए गर्व और सम्मान में एकजुट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित