चेन्नई , जनवरी 22 -- तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी दल अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के सदस्यों ने गुरुवार को विधानसभा से बहिर्गमन किया।
विपक्षी दल के सदस्यों ने नमक्कल, तिरुपुर और पड़ोसी जिलों में मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे मुर्गी पालन किसानों के विरोध प्रदर्शन के मुद्दे को उठाने की अनुमति न मिलने के बाद यह कदम उठाया।
शून्यकाल के दौरान, अन्नाद्रमुक के महासचिव और विपक्ष के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की। हालांकि, अध्यक्ष एम. अप्पावु ने कहा कि अन्नाद्रमुक और अन्य दलों द्वारा इस मुद्दे पर दिया गया विशेष ध्यानाकर्षण प्रस्ताव विचाराधीन है और इसे सही समय पर सदन में लाया जाएगा।
जब श्री पलानीस्वामी और अन्य अन्नाद्रमुक के अन्य विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे और इस जरूरी मुद्दे पर चर्चा की मांग करने लगे, तब मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने हस्तक्षेप किया और कहा कि संबंधित विभाग से जवाब मिलने के बाद इस मुद्दे को चर्चा के लिए लिया जाएगा।
इस जवाब से असंतुष्ट होकर और मुद्दे को उठाने के लगातार प्रयासों के विफल होने के बाद, श्री पलानीस्वामी के नेतृत्व में अन्नाद्रमुक सदस्यों ने शोर-शराबा करते हुए वॉकआउट कर दिया। उन्होंने मुर्गी पालन किसानों की हड़ताल खत्म करने के लिए कदम उठाने में विफल रहने पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
श्री पलानीस्वामी ने विधानसभा परिसर से बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह पोल्ट्री किसानों के विरोध की अनदेखी कर रही है और मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए उनसे बातचीत करने के अपने वादे को पूरा नहीं कर रही है।
अन्नाद्रमुक महासचिव ने बताया कि नमक्कल, कोयंबटूर, तिरुपुर और इरोड जिलों में 40,000 से अधिक परिवारों के पांच लाख कर्मचारी अनुबंध के आधार पर पोल्ट्री फार्मों में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी आजीविका चलाने के लिए 6.50 रुपये प्रति किलोग्राम की मजदूरी को बढ़ाकर 20 रुपये करने की मांग कर रहे हैं।
श्री पलानीस्वामी ने कहा कि हालांकि सरकार ने सात और 21 जनवरी को त्रिपक्षीय वार्ता करने का वादा किया था, लेकिन वह ऐसा करने में विफल रही है, जिससे पोल्ट्री फार्मिंग से जुड़े 40,000 से अधिक परिवारों और पांच लाख श्रमिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
अन्नाद्रमुक नेता ने सत्तारूढ़ दल को मच्छरों के खतरे को खत्म करने में उचित ध्यान न देने के लिए भी दोषी ठहराया, जिसके कारण चेन्नई, कांचीपुरम, तेनकासी, थेनी, अरियालुर और अन्य जिलों में चिकनगुनिया के मामलों में वृद्धि हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित