मुरैना , दिसंबर 15 -- मध्यप्रदेश के मुरैना में सर्दी के मौसम का आज पहला घना कोहरा छा जाने से जनजीवन प्रभावित हो गया। कोहरे के कारण जहां वाहनों की रफ्तार पर असर पड़ा, वहीं लोगों की दिनचर्या भी बाधित हुई। हालांकि कल भी हल्का कोहरा था, लेकिन आज घने कोहरे ने हालात और कठिन बना दिए।

सुबह जब लोग जागे तो कोहरे की वजह से कुछ ही दूरी पर खड़े लोग और वाहन भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। घने कोहरे के चलते आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलना पड़ा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

कोहरे का असर खेतों में भी देखने को मिला, जहां लहलहाती सरसों की फसल पर ओस की बड़ी-बड़ी बूंदें स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। वहीं मुरैना से बाहर नौकरी करने वाले कर्मचारियों को अप-डाउन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की धीमी गति के कारण कई कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके।

कोहरे और भीषण सर्दी का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा। बच्चे समय पर स्कूल जाने के लिए तैयार तो हुए, लेकिन कोहरे की धुंध के कारण स्कूल वाहन तय समय पर नहीं पहुंच सके, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित