मुरैना , फरवरी 09 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टास्क फोर्स ने आज छठवें दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 950 ट्रॉली अवैध रूप से डंप की गई चंबल रेत को जेसीबी मशीनों से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया।
यह कार्रवाई वन विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गेमरेंज अंबाह के नगरा घाट एवं पोरसा क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में 5 जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया। नष्ट की गई रेत का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 19 लाख रुपये बताया गया है।
कार्यवाही के दौरान गेमरेंज अंबाह, एसएएफ बल तथा नगरा थाना पुलिस का सहयोग रहा। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई थी।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिला टास्क फोर्स की बैठक में पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि इस तरह की संयुक्त कार्यवाही आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी। इस दौरान वनमंडलाधिकारी, पुलिस अधिकारी, एसएएफ बल, नगरा थाना पुलिस फोर्स, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य से जुड़े अधिकारी एवं संबंधित राजस्व अमला मौके पर उपस्थित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित