मुरैना , दिसंबर 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ओपी (स्प्रिट) बरामद की है। रिठौरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम टिकरी में भारत सिंह गुर्जर के मकान के समीप स्थित एक टीन शेड में छापा मारकर अवैध शराब निर्माण के लिए भंडारित 14 हजार 520 लीटर ओपी स्प्रिट जब्त की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद की गई स्प्रिट की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त टीन शेड भारत सिंह गुर्जर द्वारा पिछले पांच से छह माह से राजस्थान के अलवर निवासी राहुल शर्मा को किराए पर दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि जब गोदाम पर छापा डाला गया, उस समय आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जब्त की गई ओपी स्प्रिट 67 ड्रम और 28 प्लास्टिक की केनों में भरी हुई थी, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित