मुरैना , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये मूल्य की 1200 ट्रॉली रेत का विनिष्टीकरण किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्कफोर्स समिति की बैठक में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद शुक्रवार को सबलगढ़ और अंबाह अनुभाग में संयुक्त टीमों ने अभियान चलाया।

कार्रवाई के तहत सबलगढ़ अनुभाग के बरोठा (चंबल नदी घाट) पर लगभग 1000 ट्रॉली अवैध रेत नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं अंबाह अनुभाग के महुआ थाना क्षेत्र के खुर्द घाट और करसेड़ी घाट पर करीब 200 ट्रॉली रेत का विनिष्टीकरण किया गया, जिसका मूल्य लगभग 4 लाख रुपये बताया गया है।

इस प्रकार दोनों अनुभागों में तीन घाटों पर की गई कार्रवाई में कुल 1200 ट्रॉली अवैध रेत नष्ट की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 24 लाख रुपये है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित