मुरैना , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अमानक सरसों बीज के विक्रय के मामले में कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में एवं उप संचालक कृषि अनंत सडै़या के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले में विक्रय किए जा रहे सरसों बीजों के नमूने संकलित किए गए थे।

संकलित नमूनों को परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच के दौरान संबंधित सरसों बीजों का अंकुरण प्रतिशत निर्धारित मानकों से कम पाया गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रयोगशाला परीक्षण रिपोर्ट में मैसर्स कैलादेवी बीज भंडार, खार नाला सबलगढ़ का सरसों बीज 66 प्रतिशत, मैसर्स जय मां बहरारा बीज भंडार, कैलारस का 72 प्रतिशत, मैसर्स जय बजरंग बिल्डिंग मटेरियल खाद बीज भंडार का 74 प्रतिशत तथा मैसर्स बाबा कृषि सेवा केन्द्र, जौरा का सरसों बीज 63 प्रतिशत अंकुरण पाया गया।

अमानक पाए जाने के कारण इन चारों फर्मों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जिले की सीमा में इनके द्वारा बीजों के क्रय, विक्रय, भंडारण एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल मान्यता प्राप्त विक्रेताओं से ही प्रमाणित बीज खरीदें। साथ ही किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित कृषि कार्यालय में सूचना दें, ताकि किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जा सके और फसल उत्पादन प्रभावित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित