मुरैना , अप्रैल 25 -- मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा रविवार को मुरैना जिले के पोरसा के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे और प्रवास के दौरान वह पोरसा में नवनिर्मित न्यायालय भवन का गरिमामयी समारोह में लोकार्पण करेंगे।
इस अवसर पर उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायाधीश सचदेवा कल पूर्वाह्न 11:30 बजे पोरसा पहुँचेंगे, जहाँ मुख्य अतिथि के रूप में नवनिर्मित न्यायालय भवन का उद्घाटन करेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम सम्पन्न होने के उपरांत, मुख्य न्यायाधीश दोपहर 01:30 बजे शासकीय वाहन द्वारा पोरसा से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन एवं न्याय विभाग द्वारा समस्त आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के लिए जिला परियोजना समन्वयक हरीश तिवारी को लाइजनिंग अधिकारी तथा शीर्ष अदालत, नई दिल्ली के न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी के लिए उप संचालक कृषि अनंत सडैया को लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित