मुरादाबाद , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम, एक कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर रणविजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर वेस्ट रीजन यूनिट की एएनटीएफ और थाना कटघर पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम राहुल कुमार निवासी मझौलिया थाना क्षेत्र, बेतिया (बिहार) तथा सुनील कुमार निवासी गांव जरारा, थाना बिसौली, जनपद बदायूं बताया है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अफीम बिहार से लाकर मुरादाबाद में एक बड़े तस्कर को सौंपने आए थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में एएनटीएफ की ओर से थाना कटघर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित