मुरादाबाद/लखनऊ , दिसंबर 5 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में एक वाहन की टक्कर से ऑटो रिक्शा सवार तीन लोगों की मृत्यु हो गयी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर देर रात सवारियों से भरे ऑटो को दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें फल विक्रेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ऑटो मुरादाबाद से कुंदरकी जा रहा था। ग्राम भीकनपुर कुलवाड़ा के पास ओवरटेक करने के प्रयास में दूसरे वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी।

इस हादसे में कुंदरकी नगर के मोहल्ला नूरुल्ला में निकट पैंठ बाजार निवासी फल विक्रेता जैद उम्र (26) , मझोला थाना क्षेत्र के मोहल्ला जयंतीपुर निवासी ऑटो चालक मोहम्मद सुल्तान (32) और रामपुर जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भीतरगांव निवासी कृष्णनाथ (19) की मौत हो गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित