मुरादाबाद , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी बिलिंग के जरिए जीएसटी चोरी के एक बड़े घोटाले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक (अपराध) सुभाष चंद्र गंगवार ने शनिवार को बताया कि साइबर सेल और अपराध शाखा (एसआईटी) की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के सरगना पुनीत को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को आगरा के सदर बाजार क्षेत्र से दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी पुनीत वर्तमान में आगरा के सेवला स्थित श्री राम कॉम्प्लेक्स में रह रहा था। उसके कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वाहन आरसी, 29 चेकबुक, 8 अतिरिक्त सिम कार्ड, 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैक्स इनवॉइस, 32 किरायानामे, 5 मुहरें, रबर स्टांप, स्कैनर, फर्जी बिल बुक तथा 1,220 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उसके बैंक खातों से 6 लाख रुपये सीज किए गए हैं।

मामले की शुरुआत राज्य कर विभाग, मुरादाबाद के प्रधान सहायक आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर हुई, जिसमें 'अल जजा ट्रेडर्स' के खिलाफ 1.20 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप लगाया गया था। एसआईटी की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने दिल्ली निवासी सिद्दीक की मदद से पत्नी, बेटी और परिचितों के नाम पर कई फर्जी फर्में बनाई थीं।

इन फर्मों के माध्यम से बिना वास्तविक माल आपूर्ति के जीएसटी पोर्टल पर फर्जी बिल अपलोड कर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) क्लेम किया जाता था। रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर कमीशन काटने के बाद नकद निकासी की जाती थी। जांच में आरके इंटरनेशनल, मेघना एंटरप्राइजेज और वान्या एंटरप्राइजेज समेत कई फर्मों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार अब तक लगभग 200 करोड़ रुपये के फर्जी लेन-देन की पुष्टि हुई है। एसआईटी टीम अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा संबंधित बैंक खातों की गहन जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित