मुरादाबाद , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार देर रात अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुरादाबाद-संभल रोड पर लालपुर हमीर के पास संभल के दो दोस्त समीर (22) और अयान (21) शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे। रास्ते में ओवरटेक के दौरान सामने से आई कार से बचते हुए उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दोस्त दिल्ली से ईद से दो दिन पहले ही घर आए थे। समीर का भाई सुहैल 27 मार्च को शादी करेगा। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक अन्य हादसा गलशहीद थाना क्षेत्र में बीती रात हुआ। लोकोशेड पुल के पास यात्री बस और बाइक में टक्कर हुई, जिसमें बाइक सवार फरदीन (26) और मुकर्रम (25) घायल हो गए। इस हादसे में फरदीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि मुकर्रम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पीतल पॉलिश का काम करते थे और हर्बल पार्क से घर लौट रहे थे। बस चालक फरार हो गया, पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित