रायपुर , मई 10 -- भुवनेश्वर कुमार (चार विकेट/ नाबाद सात रन) और क्रुणाल पांड्या (73) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मुकाबले में आखिरी गेंद पर मुम्बई इंडियंस को दो विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। इसी के साथ मुम्बई इंडियंस प्ले ऑफ की रेस बाहर हो गई है।

आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 15 रनों जरुरत थी। रोमारियो शेफर्ड आखिरी ओवर में 11 गेंद पर 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भुवी ने छक्का लगाकर एक बार फिर मैच को रोमांचक बना दिया। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे और रसिख सलाम ने मिड ऑन की तरफ खेलकर दो रन लेकर आरसीबी को मैच जिता दिया। आरसीबी ने आईपीएल में दूसरी बार मुम्बई इंडियंस को लीग चरण में दो बार हराया। 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 39 के स्कोर तक अपने तीन विकेट खो दिये। पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर दीपक चाहर ने विराट कोहली (शून्य) को बोल्ड कर मुम्बई को पहली सफलता दिलाई। तीसरे ओवर में चाहर ने देवदत्त पड़िक्कल (12) को अपना शिकार बना लिया। कप्तान रजत पाटीदार (आठ) को कार्बिन बॉश ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये क्रुणाल पांड्या ने जेकब बेथेल के साथ चौथे विकेट लिए 55 रन जोड़े। कार्बिन बॉश ने 13वें ओवर में बेथेल (26) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। बॉश ने 16वें ओवर में जितेश शर्मा (18) और टिम डेविड (शून्य) को आउट किया। 18वें ओवर में एम गजनफर ने क्रुणाल पांड्या आउट कर आरसीबी को संकट में डाल दिया। क्रुणाल पांड्या ने 46 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के लगाते हुए 73 रनों की पारी खेली। आखिरी ओवर में रोमारियो शेफर्ड (छह) को बावा ने आउट किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 167 रन बनाकर दो विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। भुवनेश्वर कुमार ने सात रनों की नाबाद पारी खेली। रसिख सलाम तीन रन बनाकर नाबाद रहे।

मुम्बई इंडियंस के लिए कार्बिन बॉश ने चार विकेट लिये। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। राज बावा और एम गजनफर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां आरसीबी ने टॉस जीतकर मुम्बई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस को भुवनेश्वर कुमार के कहर का सामना करना पड़ा और उसने महज 28 रन के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये। रायन रिकलटन (दो) ,रोहित शर्मा (22) तथा कप्तान सूर्यकुमार यादव (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 82 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में रसिख सलाम ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे नमन धीर को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। नमन धीर ने 32 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 47 रन बनाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित