टिहरी , दिसंबर 24 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देश पर थाना मुनिकीरेती और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने बुधवार को एक चरस तस्कर को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'ड्रग्स-फ्री देवभूमि' बनाने के अभियान के तहत टिहरी पुलिस लगातार नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार भद्रकाली क्षेत्र में जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में बुद्धि सिंह पुत्र स्व. लाल सिंह निवासी ग्राम श्याबा, थाना मनेरी, जिला उत्तरकाशी के कब्जे से 1.513 किलोग्राम चरस बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में थाना मुनिकीरेती में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस अपने गांव से लाकर हरिद्वार क्षेत्र में परिचित लोगों एवं छोटी-छोटी मात्रा में बाबाओं को बेचता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी थाना नरेंद्रनगर में एनडीपीएस के एक अन्य मामले में वांछित है, जिसकी सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से डेढ़ किलो चरस, दो मोबाइल फोन, 1900 रुपये नकद, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित