श्रीगंगानगर , अप्रैल 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक शातिर बदमाश घायल हो गया जबकि तीन अन्य बदमाश पकड़े गये।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने गुरुवार को बताया कि पुलिस दल ने बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर आज तड़के करीब चार बजे हनुमानगढ़ मार्ग पर उद्योग विहार से सूरतगढ़ बाईपास जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर रखी थी। तभी एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस दल ने उसे रोकने की कोशिश की तो युवक ने अचानक पुलिस पर गोली चला दी। जो पुलिस की गाड़ी में लगी।

उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली युवक के एक पैर में लगी जिससे वह घायल होकर गिर गया। घायल युवक की पहचान संजीव उर्फ चादर उर्फ संजू (30) के रूप में हुई। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज शुरू कर दिया गया। उसके खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के पुलिस थानों में नौ मामले दर्ज हैं। मौके से 7.62 एमएम की एक पिस्तौल, पांच कारतूस भरी हुई एक मैगजीन और दो खाली खोखे बरामद हुए।

श्री यादव ने बताया कि इससे पहले बुधवार को देर रात जवाहर नगर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक देवेंद्रसिंह राठौड़ और उनकी दल ने एसएसबी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा था। इनके कब्जे से सर्बिया निर्मित जस्तावा एम-57 विदेशी पिस्तौल और 14 जीवित कारतूस बरामद किए गए, जिनमें से छह कारतूस पिस्तौल की मैगजीन में लोड किए हुए थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान वरुण बगल (32), देवदत्त बिश्नोई (29) और राहुल (22) के रूप में हुई। पूछताछ में इन तीनों ने बताया कि वे अपने साथी संजीव उर्फ चादर की मदद के लिये खड़े थे, क्योंकि संजीव उद्योग विहार की तरफ पिस्तौल और कारतूस लेकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित