बीजापुर , फरवरी 26 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जांगला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रावती नदी के पास सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के दो सशस्त्र माओवादी मारे गए। मारे गए दोनों माओवादियों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ स्थल से एसएलआर, इंसास राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने आज बताया कि जैगुर-डोडुम क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की विशिष्ट सूचना के आधार पर 25 फरवरी की शाम को डीआरजी की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। गुरुवार की सुबह करीब छह बजे इंद्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से फायरिंग के बाद जब मौका शांत हुआ तो मुठभेड़ स्थल से वर्दीधारी दो माओवादियों के शव बरामद किए गए।

मारे गए माओवादियों की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) हिचामी मड्डा और एसीएम मनकी पोड़ियम के रूप में हुई है। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार ये दोनों लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे और कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। जब्त सामग्री में एक एसएलआर राइफल और 55 राउंड, एक इंसास राइफल और 19 राउंड, एक 12 बोर बंदूक और दो सेल शामिल हैं। इसके अलावा दो हैंड ग्रेनेड, दो देशी हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर, स्केनर बैटरी, मेकेनिजम, दवाइयां और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा की संयुक्त टीमें इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। आसपास के जंगलों में भी सुरक्षाबलों को सतर्क कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित