मुजफ्फरपुर , दिसंबर 13 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने शनिवार को एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 17 लाख रूपये लूट लिये।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी विक्रम कुमार जमालाबाद में ग्राहकों से पैसे वसूल करने के बाद बाइक से लौट रहा था। इस दौरान कपरपुरा रेलवे गुमटी के समीप न्यू फोर लेन रोड पर बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने कर्मचारी के पास थैले में रखे 17 लाख रूपये लूट लिये और फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पश्चिमी 1, सुचित्रा कुमारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही लूट की घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित