मुजफ्फरपुर , मई 11 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र स्थित नरौली बालगृह (बालक) इकाई-1 से रविवार की रात 10 बच्चे रहस्यमय ढंग से लापता हो गये।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि लापता बच्चों में चार मूकबधिर बच्चे भी शामिल हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। घटना सामने आने के बाद पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है और बच्चों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ पूर्वी तुषार कुमार बालगृह पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान के उपस्थिति रजिस्टर, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की।

एसडीओ ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से पूछताछ करते हुए यह जानने का प्रयास किया कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद एक साथ 10 बच्चे कैसे गायब हो गए। प्रशासन इस बिंदु पर भी जांच कर रहा है कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित