मुजफ्फरपुर , मार्च 24 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मंगलवार को एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुरादपुर भरत गांव निवासी किसान हरिशंकर सिंह शाम को खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी घर से कुछ ही दूरी पर स्थित मुरादपुर भरत स्कूल के निकट पूर्व से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया।घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग और परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गरहा थाना पुलिस, अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) टाउन-2 विनीता सिन्हा तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला ( एफएसएल) की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आयी है कि हरिशंकर सिंह पर पिछले वर्ष भी जानलेवा हमला किया गया था, हालांकि उस समय वे बाल-बाल बच गए थे। उस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन बाद में उन्हें न्यायालय से जमानत मिल गई थी। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि जल्द ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित