मुजफ्फरनगर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में स्टेट हाईवे-59 पर मलीरा मार्ग के पास कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में बाइक सवार हर्ष पुंडीर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए।

बताया गया कि मृतक हर्ष पुंडीर कछौली गांव का निवासी था और ड्यूटी पर जा रहा था। हादसे में कार ने उसे टक्कर मारने के बाद कुछ दूरी तक घसीट दिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित