रांची , मार्च 25 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाताओं के घरों पर उनके मतदान केंद्र के बीएलओ की जानकारी वाले स्टीकर लगाने के कार्य में तेजी लाएं ताकि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में सभी मतदाताओं को उनके बीएलओ से संपर्क करने में आसानी हो।
श्री कुमार ने बुधवार को निर्वाचन सदन से ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि वैसे मतदाता जिनका अभी भी मतदाता सूची के विगत गहन पुनरीक्षण से वर्तमान मतदाता सूची में मैपिंग नहीं हो सका है, वे ईसीआई नेट के "बुक ए कॉल" फीचर का इस्तेमाल करते हुए अपने मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ एवं डुप्लीकेट की सूची तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि इस क्रम में इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि विस्थापित अथवा डिमोलिश घरों के पते पर विगत में रहने वाले मतदाताओं को शिफ्टेड लिस्ट में अनिवार्य रूप से अंकित करें।
श्री कुमार ने कहा है कि मतदाताओं के मकान को नजरी नक्शा में चिन्हित करते समय उनके मकान संख्या को यथासंभव वही रखें जो पूर्व में उनके चिन्हित मकान संख्या है। केवल वैसे मकान जिनका कोई भी मकान संख्या नहीं है केवल उन्हें चिन्हित करने के लिए ही नोशनल नंबर का इस्तेमाल करें।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित