रांची , मई 01 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुद्ध पूर्णिमा और मजदूर दिवस पर राज्यवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
श्री सोरेन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि, अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।
हमारे श्रमिक साथी अपने परिश्रम, समर्पण और संघर्ष से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं। कठिन से कठिन परिस्थितियों, चाहे कोविड काल हो या देश की सीमा में विपरीत परिस्थितियों में सड़क निर्माण जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य, हर मोर्चे पर उन्होंने अदम्य साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
झारखंड सरकार श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उनके समग्र कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी अनेक योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन को बेहतर बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। देश-विदेश में कार्यरत श्रमिक साथियों की सुरक्षा और सहायता के लिए अबुआ सरकार हर परिस्थिति में अपने भाइयों-बहनों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी रहेगी।
आइए, इस अवसर पर हम सभी श्रमिकों के सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लें।
सभी श्रमिक साथियों को पुनः हार्दिक शुभकामनाएं, जोहार।
वहीं श्री सोरेन ने लिखा, बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। भगवान गौतम बुद्ध ने मानवता को सत्य, अहिंसा और करुणा का अमूल्य संदेश दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि शांति, सहिष्णुता और प्रेम के मार्ग पर चलकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है। आज के समय में उनके विचार और भी प्रासंगिक हैं। आइए, हम सभी उनके आदर्शों को अपनाते हुए एक समरस, न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित