चंडीगढ़ , जनवरी 19 -- पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह ने सोमवार को एलान किया कि पंजाब सरकार की 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना, जो 10 लाख रुपये तक का 'कैशलेस इलाज' उपलब्ध करायेगी, 22 तारीख को अधिकारिक तौर पर शुरू की जाएगी।

डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि हेल्थ कार्ड बनाने से लेकर इलाज तक का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को किसी भी पड़ाव पर एक रुपया भी वसूलने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस योजना का दुरुपयोग करने की कोशिशों के खिलाफ पहले ही सख्त एक्शन लिया है। मुक्तसर और मानसा से शिकायतें मिली थीं, जहां कुछ लोग हेल्थ कार्ड बनाने के लिए लोगों से गैर-कानूनी तरीके से 50 रुपये ले रहे थे। उन्होंने कहा कि दोनों लोगों को निलंबित कर दिया गया है, उनके लाइसेंस रद्द कर दिये गये हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।

पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में डॉ बलबीर ने कहा कि यूथ क्लब के वॉलंटियर घर-घर जाकर टोकन बांटेंगे। लोगों को अपने कार्ड मुफ्त बनाने के लिए टोकन के साथ आधार कार्ड और वोटर आईडी के साथ निर्धारित केन्द्र पर जाना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार वेलफेयर स्कीम के नाम पर लोगों का किसी भी तरह का शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी और भरोसा दिलाया कि लोगों को धोखा देने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

डॉ. बलबीर ने कहा कि मान सरकार पारदर्शी और लोगों के लिए अच्छी हेल्थ सर्विस देने के लिए वचनबद्ध है। यह स्कीम लोगों के लिए है और यह सभी के लिए मुफ्त और आसान होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित