रांची , अप्रैल 12 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शिष्टाचार मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रही योजनाओं, जनकल्याणकारी पहलों एवं भविष्य की रणनीतियों पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने राज्य के समग्र विकास, स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता तथा आम जनता तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस संबंध में डॉ. इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि उनकी विचारधारा और लक्ष्य पूरी तरह एक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन दोनों ही जनहित, न्याय एवं विकास के पथ पर अग्रसर नेता हैं, जो एक-दूसरे के पूरक हैं और देश एवं प्रदेश को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

डॉ. अंसारी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह केंद्रित है और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों से प्रभावित हुए बिना विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित