चंडीगढ़ , जनवरी 28 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बुधवार को पंजाब मेंआम आदमी पार्टी सरकार की तथाकथित मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना को भ्रामक, अव्यवहारिक और पूरी तरह प्रचार आधारित करार दिया। श्री चुघ ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस योजना की सबसे बड़ी और बुनियादी विफलता इसकी कड़ी पैकेज कैपिंग है, जो 10 लाख रुपए के स्वास्थ्य कवरेज के दावे को शुरू में ही खोखला साबित कर देती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल-मान द्वारा लाई गई इस योजना का सबसे बड़ा झूठ इसके 10 लाख रुपए की स्वास्थ्य सुरक्षा का दावा है। वास्तविकता है कि इस योजना में सिर्फ एक लाख रुपए का बीमा है और बाकी के 9 लाख कर्ज में डूबी मान सरकार के भरोसे है, ऐसे में सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न है कि यह 9 लाख आयेंगे कहा से? चुग ने सवाल उठाया।
श्री चुघ ने कहा कि एक तरफ केजरीवाल और उनकी पार्टी 10 लाख के झूठ का ढिंढोरा पीट रही है वहीं गंभीर से गंभीर बीमारियों पर ऐसी कैंपिंग लगाई है कि किसी भी मरीज को इलाज मिलना असंभव है, जब किसी योजना में इलाज पर इतनी कम कैपिंग लगा दी जाए कि गंभीर बीमारियों का पूरा उपचार संभव ही न हो, तो ऐसे में 10 लाख रुपए का दावा केवल काग़ज़ी प्रचार बनकर रह जाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना इस तरह डिजाइन की गई है कि मरीज को या तो आशा अधूरा इलाज मिले या फिर इलाज की भारी रकम अपनी जेब से चुकानी पड़े।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजना इलाज की वास्तविक लागत के अनुरूप व्यावहारिक दरें तय कर एक राष्ट्रीय मानक स्थापित करती है। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री सेहत योजना में हार्ट सर्जरी, ब्रेन सर्जरी और घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल प्रक्रियाओं पर इतनी कम कैपिंग रखी गई है कि बड़े और भरोसेमंद अस्पताल इस योजना से दूर हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होता है।
उन्होंने पंजाब की बदहाल वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि राज्य पहले से चार लाख करोड़ रूपये से अधिक के कर्ज में डूबा हुआ है। बीते चार वर्षों में मान सरकार ने एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नया कर्ज चढ़ा दिया है और केवल इसी वित्तीय वर्ष में 90,000 करोड़ रूपये की अदायगी करनी है। ऐसे हालात में बिना फंडिंग की स्वास्थ्य योजना पंजाब की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा जोखिम है, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब सरकार के पास अपने कर्मचारियों को डीए देने तक का पैसा नहीं लेकिन केजरीवाल के हेलीकॉप्टर के लिए पूरा फंड है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित