रायपुर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदा बाजार जिले के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में आज हुए भीषण विस्फोट की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया है।
इस दर्दनाक दुर्घटना में छह श्रमिकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि पांच अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को बेहतर और उच्च स्तरीय उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही उन्होंने हादसे के कारणों की तथ्यपरक और निष्पक्ष जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित