पटना, मई 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश प्रवक्ता डॉ.प्रीति शेखर नेमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दृढ़, संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुएशुक्रवार को कहा कि उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

डॉ.प्रीति शेखर ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सभी अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

भाजपा नेता डॉ.प्रीति शेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा महिला हेल्पलाइन एवं सुरक्षा तंत्र को और सशक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर महिला और बच्ची अपने आपको सुरक्षित महसूस करे और समाज में भयमुक्त वातावरण कायम हो।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के लिए "नारी सम्मान और सुरक्षा" सर्वोच्च प्राथमिकता है। "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी की यह पहल न केवल प्रशासनिक दृढ़ता को दर्शाती है, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करती है।

भाजपा नेता डॉ.प्रीति शेखर ने कहा कि यह निर्णय बिहार में सुशासन और संवेदनशील शासन व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री श्री चौधरी के नेतृत्व में बिहार में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा और दोषियों के मन में कानून का भय पैदा होगा।उन्होंने कहा कि नारी शक्ति मुख्यमंत्री के इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करती है और मुख्यमंत्री श्री चौधरी पर विश्वास रखती है कि सम्राट सरकार सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर महिला और बच्ची को सुरक्षित,सम्मानजनक और सशक्त जीवन मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित