रायपुर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग और जगदलपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय दुर्ग में एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद जगदलपुर जिले के कुम्हडाकोट पहुंचेंगे, जहां शाम 5.25 बजे जनजातीय गौरव वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके पश्चात वे सर्किट हाउस, जगदलपुर में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
अपने आज के दौरे को लेकर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, " दुर्ग प्रवास के दौरान वे अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में विकास प्राधिकरण से जुड़े जनप्रतिनिधि, मंत्री एवं अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। "मुख्यमंत्री साय ने बस्तर पंडुम को लेकर भी जानकारी साझा की और बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी और बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित