जशपुर/रायपुर, अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेशभर में ध्वजारोहण और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित अपने निवास में पार्टी का ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित दल है, जो राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच सक्रिय रहें और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करें।
इसी कड़ी में रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी मुख्यमंत्री साय ने ध्वजारोहण किया और पार्टी के पितृ पुरुषों को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा आज कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम और त्याग के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और विकास की गति का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार द्वारा नक्सलवाद के समापन और तेज विकास का संकल्प दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित