जालंधर , दिसंबर 11 -- पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने गुरुवार को कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पर आम आदमी पार्टी सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद देशी-विदेशी दौरों में व्यस्त हैं। उनको विदेशी दौरे छोड़कर पहले पंजाब के हालातों पर काम करना चाहिए, ताकि डर के साय में जी रहे पंजाब के लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद के चुनावों में भी आम आदमी पार्टी लोकतंत्र की हत्या करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है। चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की बजाय चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ायी जा रही हैं।
श्री परगट सिंह ने विधानसभा हलका जालंधर कैंट के विभिन्न गांवों कादियांवाली, स्लेमपुर मसंदां, जमशेर, बंबियांवाल, कुक्कड़ पिंड, कोट कलां, सरहाली और कोट खुर्द में चुनावी संबंधी तूफानी दौरा किया और मीटिंगों के दौरान आप सरकार की खोखली नीतियों की पोल खोली। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया कि कैसे पंजाब सरकार ने कानून व्यावस्था को खराब कर रखा है। राज्य को पुलिस स्टेट बना कर रख दिया है। उन्होंने लोगों से ब्लॉक समिति और जिला परिषद में खड़े कांग्रेस के उम्मीदवारों को चुनाव जिताने के लिए अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित