हैदराबाद , अप्रैल 20 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी ने जगदगुरू बसवेश्वर की जयंती के अवसर पर राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए इस पूजनीय दार्शनिक और समाज सुधारक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में महात्मा बसवेश्वर की शिक्षाओं को समानता, सत्य और न्याय पर आधारित बताते हुए कहा कि वे आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बसवन्ना (जगदगुरू बसवेश्वर) के उस कालजयी संदेश को रेखांकित किया कि 'कर्म ही पूजा है'। उन्होंने उनके इस संदेश को श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित करने वाला बताते हुए सच्ची भक्ति की भावना को जगाने वाला बताया।
श्री रेड्डी ने कहा कि जगदगुरू बसवेश्वर को दी जाने वाली सबसे अच्छी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम जाति और पंथ की बाधाओं को पार करते हुए अपने विचारों तथा कार्यों दोनों में समानता और मानवतावाद के आदर्शों को अपनाएं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों को अपने रोजाना के जीवन में आत्मसात करें और एक न्यायपूर्ण तथा समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित