लखनऊ , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा के स्थापना दिवस के अवसर पर इन राज्यों के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने इन पूर्वोत्तर राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विकास की निरंतर प्रगति की कामना की।
श्री योगी आदित्यनाथ ने मेघालय राज्य के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुरातन परंपराओं के अनुपम प्रतीक मेघालय की पहचान उसकी प्रकृति, संस्कृति, संस्कार और लोक आस्था से है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह राज्य उन्नति और प्रगति के नए-नए आयाम गढ़ते हुए विकास की नवीन ऊंचाइयों को स्पर्श करता रहे।
उन्होंने मणिपुर राज्य के स्थापना दिवस पर कहा कि कला, कौशल और विविध संस्कृतियों से संपन्न यह राज्य शांति, प्रगति और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। उन्होंने मणिपुर के नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राज्य में सौहार्द और विकास की निरंतरता की प्रार्थना की।
त्रिपुरा राज्य के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अनुपम लोक कलाओं और अतुल्य सांस्कृतिक विविधताओं से समृद्ध त्रिपुरा विकास और प्रगति के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस संदेश को पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित