चंडीगढ़ , मार्च 20 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को स्वास्थ्य क्षेत्र का चार साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने केंद्र की 'शर्तों वाली' आयुष्मान भारत योजना और आप सरकार की 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के बीच स्पष्ट अंतर बताते हुए इसे सार्वभौमिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवा का एक मॉडल बताया।

श्री मान ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना पंजाब के हर निवासी परिवार के लिए दस लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा, "पंजाब इस तरह का व्यापक स्वास्थ्य कवर देने वाला देश का पहला राज्य है। यह जनता पर वित्तीय बोझ को काफी कम करेगा।"मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी और सभी नागरिक आधार या वोटर कार्ड के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं। लगभग 900 सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना के तहत पैनल में शामिल हैं। अब तक 25 लाख लाभार्थियों का पंजीकरण हो चुका है और 1.6 लाख से अधिक लोग इलाज करा चुके हैं। वर्ष 2026-27 के लिए दो हजार करोड़ रूपये का बजट आवंटित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 883 आम आदमी क्लीनिक चालू हैं और 100 नए क्लीनिक 28 मार्च को समर्पित किए जाएंगे। इन क्लीनिकों में 47 टेस्ट और 107 दवाएं मुफ्त उपलब्ध हैं, जिसमें मरीजों की संतुष्टि दर 94 प्रतिशत है। ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या पांच करोड़ को पार कर गई है। उन्होने कहा कि 2022 से अब तक 948 जनरल डॉक्टर और 627 विशेषज्ञों की भर्ती की गई है, जो पिछले 75 वर्षों में सरकारी डॉक्टरों की कुल भर्ती का 35 प्रतिशत है। 300 नर्सिंग स्टाफ और 250 फार्मासिस्टों की भर्ती की गई है, जबकि 672 नर्सों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।

श्री मान ने कहा कि सात नए मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं, जिससे 600 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ेंगी। अक्टूबर 2026 तक सभी जिला अस्पतालों में एमआरआई सेवा उपलब्ध होगी। सीटी स्कैन सेवाओं में 33 प्रतिशत का विस्तार किया गया है। सितंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच एआई-आधारित कैंसर स्क्रीनिंग के तहत 9,000 से अधिक महिलाओं की जांच की गई। 'मिशन अमृत' के तहत हृदय घात के इलाज के लिए पंजाब स्टैमी प्रोजेक्ट लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल कैशलेस इलाज दिया जा रहा है, जिससे अब तक 600 से अधिक जानें बचाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग इस योजना के बारे में भ्रम फैला रहे हैं, वे पंजाब को स्वस्थ नहीं देखना चाहते। उन्होंने दोहराया कि मान सरकार पंजाब को स्वास्थ्य और शिक्षा का हब बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित