इंफाल , फरवरी 15 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने रविवार को यहां स्थित सैनिक विद्यालय का दौरा किया, जहां विधायक एल सुसिंद्रो मेइतेई, प्रधानाचार्य कर्नल ए राजीव और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
कर्नल राजीव ने मुख्यमंत्री को विद्यालय के कामकाज के बारे में जानकारी दी और बुनियादी ढांचे की जर्जर स्थिति, जलापूर्ति की समस्या, चारदीवारी को मजबूत करने की आवश्यकता, लड़कियों के छात्रावास का लंबित निर्माण और विक्रम बत्रा ऑडिटोरियम में ध्वनि अस्पष्टता की समस्या जैसी प्रमुख चुनौतियों का उल्लेख किया। इसके साथ उन्होंने विद्यालय की हालिया उपलब्धियों की भी जानकारी दी। इनमें राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में कैडेटों की भागीदारी और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जायेगा। उन्होंने बाधाओं के बावजूद उच्च मानक बनाये रखने के प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "छात्र समाज के स्तंभ हैं और उन्हें उचित महत्व दिया जाना चाहिए।"मुख्यमंत्री ने परिसर का गहन निरीक्षण किया और उन क्षेत्रों की पहचान की जहां निर्माण, नवीनीकरण और मरम्मत की जरूरत है। उन्होंने कर्मचारियों, छात्रों और पूर्व छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की और उन्हें शिक्षा एवं पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित